गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सिरसा। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 21 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
सीआईए सिरसा प्रभारी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बूटा सिंह, कुलदीप सिंह, स्वर्ण सिंह और संतलाल के रूप में हुई है, जो सभी सिरसा क्षेत्र के निवासी हैं।
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान गांव रंगा में मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर तलाशी ली, तो उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।
दूसरी घटना में सीआईए सिरसा पुलिस ने गांव मत्तड़ क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार स्वर्ण सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर वह भी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन मिली।
इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव गोदिकां क्षेत्र से संतलाल को गिरफ्तार किया। वह बस अड्डे के पास खड़ा था और पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।