लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गुरुवार को श्रीगंगानगर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जयपुर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और दौसा सहित कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने पांच जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। अजमेर और उदयपुर जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या कम हुई है, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं जोधपुर में ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बीकानेर, भरतपुर और अन्य क्षेत्रों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।