लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के रूप बांसगांव के पास सोमवार सुबह दो स्कूली बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बस में सवार सात बच्चे और ड्राइवर घायल हो गए।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, हादसे में शामिल बसों में एक रामाज्ञा स्कूल की खाली बस थी, जबकि दूसरी जीसस मैरी स्कूल की बस थी, जिसमें करीब 25 बच्चे सवार थे।
टक्कर के बाद जीसस मैरी स्कूल की बस के ड्राइवर समेत पीहू, शौर्य नागर, जानवी शुक्ला, अनीशा सहित सात बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मोहन स्वरूप अस्पताल, धूम मानिकपुर गांव में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद छह बच्चों और ड्राइवर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि छह वर्षीय बच्ची पीहू का अभी इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, बस में सवार बच्चे कक्षा 1 से 5वीं तक के छात्र थे। घटना के बाद बच्चों को उनके परिजन घर ले गए। कुछ अन्य बच्चों को मामूली खरोंचें भी आई हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर यह हादसा किन कारणों से हुआ।