गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पांडवेश्वर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को पांडवेश्वर के लाउदोहा फुटबॉल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार नरेन्द्र चक्रवर्ती के समर्थन में वोट की अपील की।
इस जनसभा में मलय घटक, अभिजीत घटक, हरेराम सिंह, कालूवरण मंडल सहित कई तृणमूल नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह चुनाव “कौरवों और पांडवों” की लड़ाई की तरह है, जिसमें अंततः जीत जनता की होगी।
उन्होंने आसनसोल और पश्चिम बर्दवान जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के गठन से लेकर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तृणमूल सरकार के कार्यकाल में पूरी हुई हैं।
कोयला खदानों का मुद्दा उठाते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मजदूरों की मेहनत के बावजूद मुनाफा केंद्र सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि बंद खदानों को संयुक्त रूप से संचालित करने का प्रस्ताव भी केंद्र ने स्वीकार नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान एक रुपये का भी वेतन नहीं लिया। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने इसे “वॉशिंग मशीन” करार दिया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार “लूट और झूठ” की राजनीति करती है।
मतदाता सूची को लेकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष कर रही है और जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उन्हें पुनः जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमत, नोटबंदी और अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। वहीं राज्य सरकार की योजनाओं जैसे लक्ष्मी भंडार, स्वास्थ्य साथी, कन्याश्री और रूपश्री का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है और आगे “द्वारे स्वास्थ्य” जैसी नई योजनाएं भी लाई जाएंगी।
अपने संबोधन के अंत में ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में सभी धर्मों और जातियों के लोग मिलजुलकर रहते हैं और इस सामाजिक एकता को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।