गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस कमिश्नरेट के गौतमपल्ली थाना प्रभारी रत्नेश सिंह को वसूली के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन में तैनात विपिन सिंह को नए थानाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस पर एक व्यक्ति से करीब ढाई लाख रुपये की कथित वसूली का गंभीर आरोप लगा था। आरोप है कि दो दिन पहले एक दरोगा ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाया था, जहां उससे पैसे लिए गए।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय से जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर पाते हुए तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
इस पूरे मामले में थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।