अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सीवान, 06 मार्च। बिहार के सीवान जिले में गुरुवार रात रोडरेज की घटना ने हिंसक रूप ले लिया। सराय ओपी थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की मामूली टक्कर के बाद उग्र भीड़ ने डॉक्टर दंपति और उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डॉक्टर दंपति समेत तीन लोगों को घायल कर दिया।
घटना सराय ओपी थाना क्षेत्र के मटुक छपरा गांव के पास की है। घायलों में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर निवासी डॉ. राजेश रंजन, उनकी पत्नी स्वेता रंजन और बेटा हर्षित रंजन शामिल हैं। तीनों का इलाज सीवान सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. राजेश रंजन अपने परिवार के साथ होली मनाने सीवान आए थे और गुरुवार रात स्कॉर्पियो से पटना लौट रहे थे। बाईपास रोड पर मटुक छपरा गांव के पास उनकी गाड़ी एक ट्रैक्टर से हल्के रूप में टकरा गई। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक नशे में था और टक्कर के बाद भागने लगा। डॉक्टर ने उसका पीछा कर ट्रैक्टर रोककर पूछताछ करनी चाही।
बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक स्थानीय गांव का रहने वाला था। उसे रोकने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और अचानक स्थिति हिंसक हो गई। भीड़ ने डॉक्टर की स्कॉर्पियो पर ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डॉक्टर के परिजन दूसरी स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे, लेकिन उग्र भीड़ ने दोनों गाड़ियों को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया।
हमले में डॉ. राजेश रंजन, उनकी पत्नी स्वेता रंजन और बेटा हर्षित रंजन घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर सभी लोग वहां से निकलकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्वेता रंजन बिहार के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी की भतीजी बताई जा रही हैं, जबकि डॉ. राजेश रंजन पटना में निजी क्लिनिक चलाते हैं।
घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक बवाल और पथराव होता रहा, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस संबंध में सराय ओपी प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 और गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था। पूरे मामले की जांच की जा रही है।