लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन के अनुसार दोनों नदियां चेतावनी स्तर के करीब पहुंच चुकी हैं, जिसके चलते जिले में अलर्ट सिस्टम सक्रिय कर दिया गया है। संभावित बाढ़ और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। आपदा प्रबंधन टीमें लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी संदेश भी भेजे जा रहे हैं। राज्य में चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से भी मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ता है तो प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।