लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
कोहिमा: नागालैंड में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। यह अभियान 30 जुलाई तक राज्य के सभी 17 जिलों में चलेगा। इसकी शुरुआत कोहिमा स्थित राज्यपाल के आधिकारिक आवास लोक भवन से की गई, जहां प्रशिक्षित गणनाकर्मियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सर्वेक्षण शुरू किया।
इस चरण के दौरान प्रशिक्षित प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षक (Supervisors) प्रत्येक घर का दौरा कर आवास की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और घरेलू परिसंपत्तियों से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, लोगों से 33 प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे और जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी। इस कार्य के लिए राज्यभर में 6,000 से अधिक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
राज्य प्रशासन ने नागरिकों से जनगणना दल को पूरा सहयोग देने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि एकत्र की गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और उनका उपयोग केवल आधिकारिक जनगणना उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। जनगणना का दूसरा चरण, जिसमें जनसंख्या से जुड़े सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय आंकड़े जुटाए जाएंगे, फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।