लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
गुरुग्राम: भारी बारिश और जलभराव के कारण गुरुग्राम में स्कूल बसों की रफ्तार थम गई। कई बच्चे, जो सामान्य दिनों में दोपहर करीब 3:30 बजे तक घर पहुंच जाते थे, वे शाम 7 बजे या उससे भी बाद में घर पहुंचे।
अभिभावकों ने बताया कि बच्चे कई घंटों तक बसों में फंसे रहे। लंबे इंतजार के कारण वे थके हुए, भूखे और मानसिक रूप से परेशान होकर घर लौटे। कई जगहों पर जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम के चलते बसों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिससे स्कूल बसों सहित अन्य वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। कई अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार स्कूलों और बस संचालकों से संपर्क करते रहे।
स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि हर बारिश में ऐसी स्थिति बनने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।