लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 15 किलोग्राम विदेशी मूल का तस्करी किया गया सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग ₹21.40 करोड़ बताई गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने थाईलैंड से दिल्ली कूरियर टर्मिनल पहुंचे एक अंतरराष्ट्रीय पार्सल को रोका। 'गियर पार्ट्स' के रूप में घोषित इस पार्सल के भीतर बेहद चतुराई से सोने की डिस्क छिपाई गई थीं। इसके बाद दिल्ली में कई स्थानों पर छापेमारी कर अतिरिक्त सोना बरामद किया गया, जिससे कुल बरामदगी 15 किलोग्राम तक पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस तस्करी नेटवर्क में सीमा पार भुगतान के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा था। डीआरआई का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।