लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
नई दिल्ली: दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना में बदलाव किया गया है। 1 अगस्त से महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक’ स्मार्ट कार्ड की जरूरत होगी।
दिल्ली सरकार के एक परिपत्र के अनुसार, जिन महिला यात्रियों के पास स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें पिंक टिकट जारी नहीं किया जाएगा और उन्हें सामान्य टिकट खरीदकर यात्रा करनी होगी।
अब तक महिलाएं पिंक टिकट के माध्यम से दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेती थीं। नई व्यवस्था के तहत स्मार्ट कार्ड के जरिए इस सुविधा को संचालित करने की योजना बनाई गई है।
सरकार का कहना है कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था से यात्रियों का बेहतर रिकॉर्ड रखा जा सकेगा और योजना को अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा।
परिवहन विभाग ने महिला यात्रियों से समय रहते पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाने की अपील की है, ताकि मुफ्त बस यात्रा की सुविधा जारी रह सके।