लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के कसडोल क्षेत्र स्थित खर्वे गांव में आठ लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने रामसहाय जायसवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान शराब में जहर मिलाकर लोगों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, इन हत्याओं के पीछे कोई तांत्रिक अनुष्ठान या अंधविश्वास नहीं, बल्कि छोटी-छोटी व्यक्तिगत रंजिशें और आपसी विवाद कारण थे। मामले की जांच के दौरान अलग-अलग समय पर मृत लोगों के शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद जांच आगे बढ़ी।
हालांकि, गांव के कुछ लोगों का दावा है कि आरोपी ने गड़ा धन हासिल करने के अंधविश्वास में इन वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने कहा है कि अब तक की जांच में इस दावे के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है और आरोपी ने भी पूछताछ में ऐसी किसी बात का उल्लेख नहीं किया है।
वहीं आरोपी के बेटे ने अपने पिता को बेगुनाह बताते हुए कहा कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।