लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
पूर्वी सियांग, अरुणाचल प्रदेश: डॉक्टर्स डे के अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की टीम ने मानव पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि HPV संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है, लेकिन समय पर वैक्सीन लगवाकर इस बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता की कमी को बड़ी चुनौती बताया और सामुदायिक स्तर पर अभियान तेज करने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि किशोरावस्था में HPV वैक्सीन लेना सबसे प्रभावी होता है, इसलिए 14 से 15 वर्ष की उम्र की लड़कियों को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों ने स्कूलों और स्थानीय समुदायों के सहयोग से टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से न केवल लोगों में स्वास्थ्य के प्रति समझ बढ़ती है, बल्कि आने वाले समय में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।