अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने दिल्ली हाई कोर्ट में दायर अपनी व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा संबंधी याचिका वापस ले ली है।
उनकी ओर से पेश वकील जय अनंत देहादराय ने जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच के समक्ष याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले कोर्ट ने 20 मार्च को याचिका में सुधार करने के निर्देश दिए थे।
याचिका में गंभीर ने आरोप लगाया था कि उनकी पहचान, नाम और आवाज का एआई और डीपफेक तकनीक के जरिए बिना अनुमति दुरुपयोग किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनके नाम से भ्रामक वीडियो और झूठी खबरें फैलाई जा रही थीं, जिनमें उनके इस्तीफे और अन्य खिलाड़ियों पर हमले जैसी बातें शामिल थीं।
उन्होंने कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स वेबसाइट्स के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा था कि उनकी छवि का व्यावसायिक इस्तेमाल भी किया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने 2.5 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की थी।
गौरतलब है कि इससे पहले अदालत कई चर्चित हस्तियों के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा को लेकर आदेश जारी कर चुकी है, ताकि उनकी पहचान का बिना अनुमति इस्तेमाल न हो सके।