लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) ने छोटे बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए एक अभिनव पहल ‘लिटिल फन फिएस्टा’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत वरिष्ठ छात्र-छात्राएं नन्हे बच्चों को खेल-खेल में नई-नई चीजें सिखाकर उनकी रचनात्मकता को विकसित कर रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को स्नातक छठे सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग में “लिटिल फन फिएस्टा” प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित किया गया था।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देना, खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करना तथा उनके मानसिक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग की प्रभारी डॉ. मुक्ता गर्ग ने किया।
कार्यक्रम में नर्सरी के बच्चों, उनके अभिभावकों और विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्रों ने बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों जैसे खेल, चित्रकला और अन्य रचनात्मक कार्यों का आयोजन किया, जिसमें बच्चों की सहभागिता काफी सराहनीय रही।
अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के समग्र विकास के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में नर्सरी शिक्षिका रेनू तथा विभाग की शिक्षिकाएं डॉ. सुमेधा चौधरी और डॉ. श्वेता सिंह भी उपस्थित रहीं।