लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक नाबालिग छात्रा की कथित बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मामला तब सामने आया जब मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान उसकी पहचान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की 14 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई, जो 28 मार्च की रात से लापता थी।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा अपने परिचित मोहन वर्मा और दो अन्य युवकों के साथ घर से निकली थी। सभी डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में किसी बात को लेकर छात्रा और उसके कथित बॉयफ्रेंड के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की की नौबत आ गई और गुस्से में आकर आरोपित ने छात्रा को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और लापता रिपोर्ट से मिलान कर पहचान की पुष्टि की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित मोहन वर्मा, हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
मृतका चार बहनों में से एक थी। उसके पिता स्थानीय हाईस्कूल में कार्यरत हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी में काम करती हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।