अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हैदराबाद, 05 मार्च। एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर में हिस्सा लेने के लिए ऑस्ट्रिया की महिला हॉकी टीम गुरुवार को हैदराबाद पहुंच गई। तेलंगाना की राजधानी में आयोजित इस टूर्नामेंट में कुल आठ देश भाग ले रहे हैं, जिनमें से शीर्ष तीन टीमें अगस्त में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी। विश्व कप का आयोजन बेल्जियम और नीदरलैंड में किया जाएगा।
ऑस्ट्रिया का महिला हॉकी विश्व कप में पहले अच्छा इतिहास रहा है। टीम ने इस प्रतियोगिता के शुरुआती चार संस्करणों में से तीन में हिस्सा लिया था, हालांकि 1981 के बाद से ऑस्ट्रिया इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया है।
कप्तान जोहाना चेक के नेतृत्व में ऑस्ट्रिया की टीम पूल-ए में इंग्लैंड, इटली और कोरिया के साथ मुकाबला करेगी। टीम 45 वर्षों बाद विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर इतिहास रचने की कोशिश करेगी।
कप्तान जोहाना चेक ने कहा कि भारत में खेलने को लेकर टीम काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट से पहले अभ्यास का समय कम मिला, लेकिन टीम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।