गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को सिविल सर्विस डे के अवसर पर भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में आयोजित भव्य समारोह में उच्च शिक्षा विभाग को दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों के लिए सम्मानित करेंगे। विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने जानकारी देते हुए बताया कि साधना सप्ताह के दौरान मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विभाग ने आईजीओटी (iGOT) पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
इसके साथ ही साधना सप्ताह के अंतर्गत 10 हजार से अधिक लोक सेवकों की श्रेणी में विभाग ने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभाग को सिविल सर्विस डे के अवसर पर सम्मानित करेंगे।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के ज्ञान, कौशल और क्षमता विकास के लिए मिशन कर्मयोगी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में 2 अप्रैल से 10 अप्रैल तक राष्ट्रीय सीखे सप्ताह का आयोजन किया गया था। इस दौरान आईजीओटी पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में मध्य प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
साधना सप्ताह के तहत राज्य स्तर पर उच्च शिक्षा विभाग ने 10 हजार से अधिक लोक सेवकों की श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता और प्रशिक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।