लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लगभग 440 करोड़ रुपये जमा तीन बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के बाद पार्टी ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसी पर तीखा हमला बोला है। टीएमसी ने इस कार्रवाई को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश करार दिया।
पार्टी ने कहा कि उसके सभी वित्तीय लेनदेन चुनाव आयोग और आयकर विभाग के समक्ष पूरी पारदर्शिता के साथ घोषित किए गए हैं। टीएमसी का आरोप है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए किया जा रहा है।
वहीं, ईडी का कहना है कि यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। जांच एजेंसी के अनुसार, अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच टीएमसी के खातों से करीब 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी एक अन्य कंपनी को ट्रांसफर किए गए थे। एजेंसी इन लेनदेन की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान निजी विमान और हेलीकॉप्टर की खरीद एवं लीजिंग से जुड़े वित्तीय लेनदेन भी एजेंसी के रडार पर हैं। इस मामले ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।