लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
इस्लामाबाद। सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसद्दिक मलिक के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सिंधु जल संधि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाध्यकारी समझौता है और इसे कोई भी पक्ष एकतरफा न तो निलंबित कर सकता है, न रद्द और न ही इसमें संशोधन कर सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अताउल्लाह तरार ने भारत को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि पाकिस्तान के जल अधिकारों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने जल हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा।
पाकिस्तानी सरकार का कहना है कि सिंधु जल संधि दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य समझौता है और इसका पालन किया जाना चाहिए। वहीं भारत की ओर से इस मुद्दे पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच यह समझौता दशकों से जल बंटवारे का आधार बना हुआ है।