गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Delhi में यमुना के घाटों के विकास और स्वच्छता को लेकर बुधवार को अहम निरीक्षण किया गया। उपराज्यपाल Taranjit Singh Sandhu और मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने वासुदेव घाट और यमुना बाजार घाट का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने घाटों की स्वच्छता, बुनियादी ढांचे और चल रहे पुनर्जीवन कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यमुना से गाद निकालने का कार्य मिशन मोड में तेज किया जाए और मानसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था और विरासत का प्रतीक है। इसके तटों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वच्छ यमुना का संकल्प पूरी प्रतिबद्धता के साथ जमीन पर उतारा जा रहा है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।