गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार सुबह देहरादून के बल्लूपुर चौक में नगर निगम द्वारा आयोजित ‘स्वेच्छा से स्वच्छता’ अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक लोग अपने घर, गली और शहर की सफाई को अपनी जिम्मेदारी नहीं मानेंगे, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं हो सकता।
देहरादून नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं और इन्हें नियमित रूप से जारी रखना चाहिए, ताकि स्वच्छता एक आदत के रूप में जनजीवन का हिस्सा बन सके।
नगर निगम की ओर से 7 से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर और संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।