लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
अदिति जैन
दिल्ली में निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मारपीट का मामला एक बार फिर गरमा गया है। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर CJP ने शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पर बड़ा प्रदर्शन किया।
CJP के प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका समर्थकों के साथ पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे। निशु आजाद भी इस दौरान थाने पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट क्लिप वायरल हुई। CJP का दावा है कि इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय कुमार पर हमले में अपनी भूमिका की बात कही है। इसके बाद CJP ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग तेज कर दी।
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि संजय कुमार के सिर पर हमला हुआ था और संगठन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करता रहा है। उनका कहना है कि मामले में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं लगाई जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए। CJP नेताओं का कहना है कि अगर वायरल क्लिप में किए गए दावे सही पाए जाते हैं, तो पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मामले में कांग्रेस की लीगल टीम भी सक्रिय हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, निशु आजाद ने राहुल गांधी से कानूनी मदद मांगी थी, जिसके बाद कांग्रेस की कानूनी टीम उनके मामले में सहायता करने के लिए आगे आई है। टीम की ओर से भी आरोपी की गिरफ्तारी और FIR में अतिरिक्त धाराएं जोड़ने की मांग की जा रही है।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी ने मामले को और राजनीतिक बना दिया। CJP समर्थकों और नेताओं के प्रदर्शन के बीच संसद मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी महत्वपूर्ण रही। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस वायरल दावों और शिकायतों की जांच के बाद आगे क्या कार्रवाई करती है।