लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अश्विनी चौबे ने दावा किया है कि बिहार में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री शपथ लेगा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी।
उन्होंने यह बात मथुरा के फरह स्थित गो ग्राम परखम में आयोजित श्रीराम कथा श्रवण के बाद कही। इस अवसर पर स्वामी कैलाशानंद गिरी द्वारा कथा का आयोजन किया जा रहा है।
अश्विनी चौबे ने कहा कि यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल के बाद जैसा परिवर्तन आया था, वैसा ही एक बड़ा बदलाव अब देखने को मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार भविष्य में राज्यसभा में जाकर देश को नई दिशा देंगे। चौबे ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की तुलना राम-लक्ष्मण की जोड़ी से करते हुए कहा कि यह जोड़ी देश को विकसित भारत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 1968 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी, जब वे बिहार जा रहे थे। चौबे ने कहा कि अब उनकी परिकल्पना साकार होने जा रही है।