लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
वेब सीरीज 'पंचायत' का वायरल गाना 'ऐ राजा जी' इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि यह कोई नया फिल्मी या वेब सीरीज का गाना नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़ा एक पारंपरिक सोहर गीत है। सोहर ऐसे लोकगीत होते हैं जिन्हें घर में बच्चे के जन्म की खुशी के मौके पर महिलाएं पारंपरिक शैली में गाती हैं।
'ऐ राजा जी' पीढ़ियों से बिहार के ग्रामीण इलाकों में गाया जाता रहा है। समय के साथ यह लोकगीत अलग-अलग स्वरूपों में लोक गायकों द्वारा प्रस्तुत किया जाता रहा और अब 'पंचायत' में इस्तेमाल होने के बाद देशभर में नई पहचान हासिल कर चुका है। इस गीत ने नई पीढ़ी को बिहार की लोक परंपराओं से भी जोड़ने का काम किया है।
लोकसंगीत विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। 'पंचायत' में इस गीत के उपयोग के बाद अब लोग इसकी मूल जड़ों और लोक परंपरा के बारे में भी जानने में रुचि दिखा रहे हैं।