लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक रियलिटी शो में सुनीता ने अपनी शादी, रिश्ते और गोविंदा के कथित अफेयर्स पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब किसी से सच्चा प्यार होता है तो रिश्ते को निभाने के लिए कई मुश्किलों को सहना पड़ता है।
सुनीता ने स्वीकार किया कि शादी के दौरान गोविंदा के कई कथित अफेयर्स की बातें सामने आईं, लेकिन उन्होंने परिवार और बच्चों की खातिर रिश्ते को बनाए रखा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब वह अपने बच्चों के लिए जी रही हैं और हर समय इन बातों के बारे में सोचती रहेंगी तो इससे उन्हें ही नुकसान होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति को जबरन रोका नहीं जा सकता। अगर कोई गलत रास्ता चुनना चाहता है तो उसे रोकना आसान नहीं होता। सुनीता के मुताबिक, उन्होंने समय के साथ परिस्थितियों को स्वीकार करना सीख लिया है और अब वह अपनी मानसिक शांति को प्राथमिकता देती हैं।
सुनीता ने यह भी बताया कि वह और गोविंदा हर समय साथ नहीं रहते और 24 घंटे एक-दूसरे के सामने बैठना संभव नहीं है। उनका कहना था कि हर रिश्ते में व्यक्तिगत स्पेस जरूरी होता है और इसी वजह से उन्होंने अपने जीवन को व्यावहारिक तरीके से जीना सीख लिया है।
रियलिटी शो में सुनीता के इन खुलासों के बाद सोशल मीडिया पर उनकी स्पष्टवादिता की काफी चर्चा हो रही है। हालांकि, गोविंदा की ओर से इन ताजा बयानों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।