गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास स्थित बानेश्वर मोड़ इलाके में शुक्रवार को एक बिरयानी दुकान में गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दुकान में खाना बनाते समय अचानक गैस लीक होने से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से दुकान के अंदर रखे चार गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उनकी तत्परता से आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।
कुछ देर बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। साथ ही आशिघर पुलिस चौकी और ट्रैफिक पुलिस के कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल टीम करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में मामूली नुकसान जरूर हुआ है।