लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गर्दन तक गंदे नाले में उतरकर जाम सीवर को साफ करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि मामला वाशिम शहर के मध्यमेश्वर मंदिर परिसर के सौदागारपुरा इलाके का है। यहां ड्रेनेज लाइन बुरी तरह चोक हो गई थी, जिसके चलते गंदा पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और वार्ड पार्षद को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी बीच सैय्यद समीर नाम के व्यक्ति के घर में भी सीवर का पानी भरने लगा। समीर प्लंबिंग का काम करते हैं। जब लंबे समय तक मदद नहीं मिली तो उन्होंने खुद ही नाले में उतरकर पाइप के जरिए जाम हटाने की कोशिश की। वीडियो में वह गर्दन तक गंदे पानी में डूबे नजर आ रहे हैं।
कुछ देर की मशक्कत के बाद नाले का जाम खुल गया और पानी आगे बहने लगा। समीर ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपने बच्चों की थी, क्योंकि घर में रहना मुश्किल हो गया था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने इसे “सिस्टम की नाकामी” बताया और सवाल उठाया कि आज भी लोग बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर में उतरने को क्यों मजबूर हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम के कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई हो जाती तो किसी नागरिक को अपनी जान जोखिम में डालकर नाले में उतरने की नौबत नहीं आती।