अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
वाशिंगटन, 13 मार्च। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तीखी टिप्पणी की है। ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सोशल ट्रुथ पर पोस्ट करते हुए ईरान के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के “आतंकवादी शासन” को सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीकों से पूरी तरह तबाह कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना लगभग खत्म हो चुकी है और उसके मिसाइल व ड्रोन सिस्टम भी लगातार नष्ट किए जा रहे हैं।
अपने पोस्ट में ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया, खासकर न्यूयॉर्क टाइम्स पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर लोग उसकी रिपोर्ट पढ़ें तो उन्हें लगेगा कि अमेरिका युद्ध नहीं जीत रहा, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
ट्रंप ने आगे लिखा कि अमेरिका के पास बेजोड़ सैन्य ताकत और असीमित गोला-बारूद है। उन्होंने कहा, “देखते जाइए कि आज इन लोगों का क्या हश्र होता है।” ट्रंप ने ईरान पर पिछले 47 वर्षों से दुनिया भर में निर्दोष लोगों की हत्या करने का आरोप भी लगाया।
ट्रंप की इस पोस्ट के बाद मध्य पूर्व में पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।