आकांशा खटाना
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हुगली, 14 मार्च। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए पूर्व रेलवे ने तारकेश्वर और शेवड़ाफुली के बीच नई ईएमयू लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह सेवा सोमवार से शुरू होगी।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन तारकेश्वर से सुबह 10:05 बजे रवाना होगी और 10:53 बजे शेवड़ाफुली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शेवड़ाफुली से 11:00 बजे चलेगी और 11:50 बजे तारकेश्वर पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन रास्ते के सभी स्टेशनों पर रुकेगी। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि तारकेश्वर–हावड़ा शाखा पर बड़ी संख्या में यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं और समय के साथ इस मार्ग पर लोकल ट्रेनों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसी दबाव को कम करने के लिए लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
तारकेश्वर के व्यापारी अनादि दास ने बताया कि यहां से कई छोटे व्यवसायी शेवड़ाफुली हाट जाते हैं। कुछ लोग तारकेश्वर से आलू और मुरमुरे के बोरे लेकर आते हैं, जबकि कई व्यापारी शेवड़ाफुली बाजार से सब्जियां लेकर तारकेश्वर लौटते हैं। उन्होंने कहा कि ऑफिस समय में ट्रेनों में अधिक भीड़ होने के कारण व्यापारी ठीक से सामान नहीं ले जा पाते। नई ट्रेन शुरू होने से भीड़ कुछ कम होगी और इससे सभी को लाभ मिलेगा।
वहीं, नियमित यात्री गौतम साहा ने कहा कि भले ही तारकेश्वर–हावड़ा के बीच अप और डाउन ट्रेनें चलती हैं, लेकिन तारकेश्वर और शेवड़ाफुली के बीच अलग लोकल ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।