गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
दक्षिण बंगाल में आंधी और बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी ने तेजी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
खासतौर पर 13 से 16 अप्रैल के बीच कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में बांग्ला नववर्ष की शुरुआत भी तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के साथ होने की संभावना है।
राजधानी कोलकाता में शनिवार सुबह से ही तेज धूप देखी गई। अगले 3-4 दिनों तक यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है और तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री अधिक रह सकता है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण बंगाल के बांका, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और झाड़ग्राम जिलों में उमस भरी गर्मी को लेकर विशेष सतर्कता जारी की गई है। हालांकि, कुछ पश्चिमी जिलों में हल्की आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम शुष्क और गर्म रहेगा।
वहीं उत्तर बंगाल में भी तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी के पहाड़ी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।