गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पूर्वी सिंहभूम में रामनवमी और नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित जवारा पूजा और भव्य शोभायात्राओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साकची के काशीडीह और सोनारी स्थित मरार पाड़ा में एम.पी. युवक संघ द्वारा आयोजित श्री श्री सार्वजनिक नवरात्रि जवारा पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नवमी के दिन शीतला माता मंदिर, मरार पाड़ा सोनारी से जवारा विसर्जन के लिए आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में ज्योति कलश विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा मार्ग भक्तिरस में डूब गया।
यह शोभायात्रा मरार पाड़ा से न्यू कपाली घाट तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ जवारा का विसर्जन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधान में शामिल हुईं और पूजा-अर्चना कर आयोजन को और भव्य बना दिया।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की शोभायात्राएं निकाली गईं, जो स्वर्णरेखा और दोमुहानी नदी तट तक पहुंचीं। प्रशासन और आयोजकों द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
साथ ही, विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए, जहां शर्बत, पानी और फल वितरित किए गए। इस आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दिया।