गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोटवा रोड स्थित एक पान दुकान के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
15 अप्रैल 2026 को मिली सूचना के बाद पुलिस, सशस्त्र बल और एसएसबी 71वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक-एक किलो के चार पैकेट में कुल 4 किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह खेप मोतिहारी से दिल्ली ले जाई जानी थी।
गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल के पर्सा जिले के चन्द्रेश्वर महतो और पश्चिम चंपारण निवासी झगड़ू महतो शामिल हैं। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। साथ ही तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पाण्डेय, थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सहित पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल रहे।