गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भोपाल, 31 मार्च। मध्य प्रदेश में मार्च के अंत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। सोमवार को 8 जिलों में ओले गिरे, जबकि 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर 3 अप्रैल तक बना रह सकता है। मंगलवार को भी प्रदेश में ऐसा ही मिला-जुला मौसम रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के लिए ग्वालियर सहित 16 जिलों—दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, बैतूल, धार और सीहोर में ओलावृष्टि हुई, जबकि भोपाल सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 2 अप्रैल को एक और नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आएगा।
बारिश से पहले प्रदेश में तेज गर्मी भी देखने को मिली। खजुराहो और नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जबलपुर 39.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।