गुरुग्राम : हरियाणा सरकार द्वारा गुरुग्राम सेक्टर-56 से IMT मानेसर और पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवहन परियोजना नहीं है, बल्कि पूरे औद्योगिक इकोसिस्टम को नई दिशा देने वाली पहल है। उनके अनुसार, इस परियोजना से उद्योग, व्यापार, निवेश, रोजगार और शहरी विकास को एक साथ गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, मानेसर, पचगांव और आसपास का क्षेत्र हरियाणा का सबसे तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक कॉरिडोर है, जहां ऑटोमोबाइल, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और एमएसएमई क्षेत्र की हजारों इकाइयां संचालित हो रही हैं। इन उद्योगों में कार्यरत लाखों कर्मचारियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। मेट्रो विस्तार से उनकी यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और किफायती होगी, जिससे उद्योगों की उत्पादकता बढ़ेगी और कंपनियों पर परिवहन संबंधी अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा।
दीपक मैनी ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता होती है। विश्वस्तरीय मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा। इसके परिणामस्वरूप नई औद्योगिक इकाइयों, कॉरपोरेट कार्यालयों और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मेट्रो विस्तार से सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उद्योगों की परिचालन लागत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
मैनी के अनुसार, पचगांव तक मेट्रो पहुंचने से मानेसर के आगे विकसित होने वाले औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को भी नई पहचान मिलेगी। यह परियोजना हरियाणा को निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी तथा गुरुग्राम और मानेसर को राष्ट्रीय स्तर पर आधुनिक, सशक्त और भविष्य उन्मुख औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।