लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने पंजाब पुलिस के अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एफबीआई के अनुसार, उन्होंने जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के इशारे पर अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय मूल के परिवार से 4 लाख डॉलर की उगाही करने की साजिश रची।
एफबीआई का आरोप है कि पीड़ित परिवार को भारत में झूठे हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलने का प्रयास किया गया। यह मामला जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के खिलाफ दायर 17 आरोपियों वाली व्यापक संघीय चार्जशीट का हिस्सा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के आरोप शामिल हैं।
मामला सामने आने के बाद पंजाब पुलिस ने संबंधित SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को होशियारपुर के टांडा थाने से हटाकर पुलिस लाइंस भेज दिया है। विभाग ने निष्पक्ष जांच के लिए मामले की जांच किसी अन्य जिले के वरिष्ठ अधिकारी को सौंप दी है।
एफबीआई ने कहा है कि आरोपपत्र में शामिल सभी आरोप फिलहाल आरोप मात्र हैं और अदालत में दोष सिद्ध होने तक सभी आरोपी कानून की नजर में निर्दोष माने जाएंगे। अमेरिकी अधिकारियों ने नागरा के प्रत्यर्पण की भी बात कही है।