लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के न्याय विभाग (DOJ) और संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत भारत से जुड़े तीन आपराधिक नेटवर्क के 37 कथित सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ अभियोग (Indictment) दर्ज किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, कार्रवाई का मुख्य फोकस लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क, भगवांपुरिया गिरोह और धांधा तस्करी नेटवर्क पर रहा, जिन पर हत्या, जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगठित अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
जांच के दौरान अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक स्थानों पर समन्वित छापेमारी की गई। अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान में करीब 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 1,000 किलोग्राम कोकीन, एक किलोग्राम हेरोइन, कई आग्नेयास्त्र और नकदी बरामद की गई। अधिकारियों ने इसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक बताया है।
अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया है कि जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी गोल्डी बराड़ ने कनाडा में 2023 में हुई हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, ये आरोप अदालत में विचाराधीन हैं और इन पर अंतिम न्यायिक निर्णय आना बाकी है। अमेरिकी अभियोग में भारतीय सरकार को आरोपी नहीं बनाया गया है।
एफबीआई और अन्य जांच एजेंसियों का कहना है कि ऑपरेशन हार्ड बॉल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क की आर्थिक और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आने वाले समय में अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।