लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
8 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) के कॉर्पोरेट कार्यालय में इंडियन पोटाश लिमिटेड और जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य गुजरात में गन्ना किसानों के बीच आधुनिक ड्रिप सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देना और जल संरक्षण के साथ कृषि उत्पादकता बढ़ाना है।
समझौते के तहत किसानों को सर्वे, डिजाइन, उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, प्रशिक्षण और खेतों में प्रदर्शन (Field Demonstration) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे किसानों को ड्रिप सिंचाई तकनीक को अपनाने और उसका प्रभावी उपयोग करने में सहायता मिलेगी।
ड्रिप सिंचाई (Drip Irrigation) एक आधुनिक माइक्रो इरिगेशन प्रणाली है, जिसमें पानी सीधे पौधों की जड़ों तक नियंत्रित मात्रा में पहुंचाया जाता है। इससे पानी की बर्बादी कम होती है और फसल को आवश्यक नमी लगातार मिलती रहती है। यह तकनीक गन्ना, बागवानी, सब्जियों और अन्य नकदी फसलों के लिए विशेष रूप से लाभकारी मानी जाती है।
इस परियोजना में फर्टिगेशन (Fertigation) तकनीक को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिसके तहत सिंचाई के पानी के साथ उर्वरकों की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा, किसानों के लिए क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा पात्र किसानों को माइक्रो इरिगेशन सिस्टम अपनाने हेतु ऋण और सरकारी अनुदान (Grant) तक पहुंच उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।