लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
वॉशिंगटन डी.सी.: अमेरिका के कैनसस राज्य में आई भीषण फ्लैश फ्लड के दौरान 33 वर्षीय भारतीय आईटी प्रोफेशनल वेंकटेश डोप्पलापुडी की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के बापटला जिले के रहने वाले वेंकटेश एच-1बी वीजा पर अमेरिका में कार्यरत थे और नेब्रास्का के ओमाहा में रहते थे। घटना उस समय हुई जब वह ह्यूस्टन से लौट रहे थे और उनकी कार तेज बहाव में बह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि कार बाढ़ के पानी में बह गई, जबकि चालक वाहन के अंदर ही फंसा हुआ था। तेज बहाव के कारण बचाव दल तुरंत पानी में नहीं उतर सका। बाद में हेलीकॉप्टर, ड्रोन और कई एजेंसियों की मदद से चलाए गए व्यापक सर्च अभियान के बाद वेंकटेश का शव घटनास्थल से करीब 1.3 मील दूर बरामद किया गया।
ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और परिजनों के संपर्क में है। दूतावास मृतक के पार्थिव शरीर को भारत भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने में भी सहायता कर रहा है।