लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत रक्षा उपकरणों का बड़ा आयातक होने से आगे बढ़कर सभी क्षेत्रों में रक्षा प्लेटफॉर्म का निर्माता और निर्यातक बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत स्वदेशी रक्षा उद्योग की क्षमता बढ़ाने और रक्षा निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
दक्षिण ब्लॉक में भारतीय विदेश सेवा (IFS) 2025 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा पर नजर रखे हुए है और वैश्विक मंच पर देश की नेतृत्वकारी भूमिका को स्वीकार कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों से विभिन्न संस्कृतियों और नए विचारों के प्रति खुले दृष्टिकोण रखने तथा भारत की सभ्यतागत विरासत और मूल्यों को दुनिया तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्य करते समय उन्हें 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करना होगा।