लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हरियाणा कैडर के 2012 बैच के IPS अधिकारी दीपक गहलावत को 3 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया है। गहलावत घटना के समय ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) में क्षेत्रीय निदेशक के पद पर तैनात थे।
CBI के अनुसार, आरोपी अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने पुडुचेरी के एक कारोबारी को फर्जी दवा निर्माण रैकेट से जुड़े CBI मामले में अनुकूल कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाकर 3 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जांच एजेंसी ने अधिकारी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई पहले दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई, जिसमें दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर, एक कथित बिचौलिए और एक कारोबारी को भी आरोपी बनाया गया था।
CBI का कहना है कि मामले की जांच जारी है और रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है।