लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के प्रोफेशनल रवैये की एक बार फिर तारीफ हो रही है। फिल्म 'शब्द' में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री सादिया सिद्दीकी ने एक इंटरव्यू में बताया कि निजी जिंदगी के कठिन दौर में भी ऐश्वर्या ने अपने काम के प्रति कभी लापरवाही नहीं दिखाई।
सादिया ने बताया कि फिल्म 'शब्द' की शूटिंग उस समय हुई थी, जब रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐश्वर्या राय और सलमान खान के कथित ब्रेकअप की काफी चर्चा थी। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या ने अपने निजी दर्द को कभी चेहरे या काम पर हावी नहीं होने दिया। वह हमेशा मुस्कुराते हुए सेट पर आती थीं और पूरी तैयारी के साथ शूटिंग करती थीं।
सादिया के मुताबिक, ऐश्वर्या अपने सभी डायलॉग याद रखती थीं, स्क्रिप्ट अच्छी तरह पढ़कर आती थीं और पूरी प्रोफेशनल तरीके से अपना काम करती थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि अभिनेत्री की निजी जिंदगी का असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा हो।
ऐश्वर्या और सलमान खान की लव स्टोरी फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के दौरान चर्चा में आई थी। बाद में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया, जिसकी उस समय बॉलीवुड में काफी चर्चा हुई। इसके बाद ऐश्वर्या ने अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी की और अब दोनों की एक बेटी भी है।
सादिया सिद्दीकी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या राय के प्रोफेशनलिज्म की जमकर सराहना हो रही है। फैंस का कहना है कि मुश्किल हालात में भी अपने काम के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है।