गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के विरोध में सोमवार को बुलाए गए बंद का व्यापक असर देखने को मिला। पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं।
विष्णुगढ़ प्रखंड के कोसुंभा गांव में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आह्वान पर हजारीबाग बंद का आयोजन किया गया, जिसे जनता का भरपूर समर्थन मिला।
सुबह से ही बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालात ऐसे थे मानो पूरे क्षेत्र में लॉकडाउन लगा हो। दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं।
प्रदर्शनकारियों ने सात माइल मोड़ के पास विष्णुगढ़-हजारीबाग मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। हॉस्पिटल मोड़ और अखाड़ा चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर बंद का असर स्पष्ट दिखा।
विष्णुगढ़ के साथ झुमरा क्षेत्र में भी बंद पूरी तरह सफल रहा। स्थानीय लोग एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।