लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हमीरपुर जिले में बस में सीट को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के इंगोहटा बस स्टैंड पर एक महिला और उसके परिजनों ने बस चालक और परिचालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया।
हमीरपुर डिपो की परिचालक आरती कुशवाहा के अनुसार, बस महोबा जा रही थी, तभी एक महिला यात्री गेट के पास खड़ी हो गई। सीट पर बैठने के लिए कहने पर वह विवाद करने लगी और अभद्रता करने लगी। इसी दौरान उसने अपने परिजनों को बुला लिया।
इंगोहटा बस स्टैंड पहुंचते ही परिजनों ने बस के आगे बाइक खड़ी कर दी और चालक सचिन को उतारकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची परिचालक को भी डंडों से पीटा गया। आरोप है कि हमलावरों ने नकदी से भरा बैग और टिकट मशीन भी छीन ली।
घटना के दौरान यात्रियों और राहगीरों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
परिचालक ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद डायल 112 की टीम मूकदर्शक बनी रही और कोई सहायता नहीं की। घटना के बाद बस करीब पांच घंटे तक खड़ी रही, जिसके कारण यात्रियों को दूसरी बसों से भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में संतोषी कुमारी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। योगेश तिवारी ने बताया कि आरोपियों का शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया है और मामले की जांच जारी है।