गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद से लगभग बंद पड़े होर्मुज स्ट्रेट से पहली बार एक भरा हुआ LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) टैंकर गुजरने की खबर सामने आई है। यह टैंकर अब भारत के पश्चिमी तट के पास दिखाई दिया है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में नई उम्मीद जगी है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यूएई की ADNOC Logistics & Services द्वारा प्रबंधित LNG टैंकर ‘मुबाराज’ (Mubaraz) ने होर्मुज स्ट्रेट पार कर लिया है। इसकी क्षमता 1,36,357 घन मीटर बताई गई है। यह टैंकर मार्च के अंत से अपनी लोकेशन सिग्नल बंद किए हुए था और अब अप्रैल के अंत में भारत के पास फिर दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि यह जहाज यूएई के Das Island से LNG लेकर निकला था। फरवरी के अंत में ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से यह पहला भरा हुआ LNG टैंकर हो सकता है जिसने सफलतापूर्वक होर्मुज पार किया है। इससे पहले कुछ LPG और तेल टैंकर तो पार हुए थे, लेकिन LNG टैंकरों की आवाजाही लगभग ठप थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस मार्ग के खुलने से एशिया, खासकर भारत, चीन और जापान जैसे बड़े ऊर्जा आयातकों को राहत मिल सकती है। हालांकि विश्लेषकों ने यह भी कहा है कि अभी इसे पूरी तरह सामान्य स्थिति का संकेत नहीं माना जा सकता, क्योंकि सुरक्षा जोखिम अब भी बने हुए हैं।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल और LNG सप्लाई का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हालिया तनाव के कारण सैकड़ों जहाज फंसे हुए थे और हजारों नाविक इंतजार में थे। ऐसे में इस टैंकर का पार होना बेहद अहम माना जा रहा है।