लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फतेहाबाद जिले में पुलिस ने पशु व्यापारियों को निशाना बनाकर फर्जी अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23,680 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
थाना सदर टोहाना प्रभारी उप-निरीक्षक सादीराम के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नांगलोई निवासी संजीव और पंकज तथा गांव अकंवाली निवासी शरणजीत सिंह के रूप में हुई है। यह कार्रवाई स्वामी नगर निवासी संदीप की शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता संदीप ने बताया कि 4 अप्रैल की सुबह वह अपने सहायक के साथ कैंटर में भैंसें लादकर दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान जमालपुर शेखां-अमानी रोड पर एक लाल रंग की कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार से उतरे तीन युवकों ने खुद को पशु कल्याण विभाग का अधिकारी बताते हुए उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक पशु होने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनसे 23,680 रुपये वसूल लिए।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सतर्कता के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी राशि और घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।