गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भारतीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान निष्पक्ष चुनावी माहौल बनाए रखने को लेकर बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने हिंगलगंज थाना के प्रभारी अधिकारी (ओसी) संदीप सरकार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश जारी किया है।
गुरुवार को राज्य सरकार को भेजे गए आधिकारिक पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि ओसी संदीप सरकार पर पक्षपात और स्थानीय तत्वों के साथ कथित सांठगांठ के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आयोग के अनुसार, चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में लापरवाही और पक्षपात के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि संदीप सरकार के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जाए। साथ ही यह आदेश तुरंत लागू कर इसकी अनुपालन रिपोर्ट 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक आयोग को भेजने को कहा गया है।
इसके अलावा आयोग ने हिंगलगंज थाना के ओसी पद पर उत्पन्न रिक्ति को भरने के लिए जल्द से जल्द नए अधिकारी के नाम का प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया है।
इस पत्र की प्रति पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और राज्य के पुलिस महानिदेशक एवं महानिरीक्षक (DGP & IGP) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
राजनीतिक हलकों में इस फैसले को चुनाव आयोग की सख्त निगरानी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल पहले से ही काफी संवेदनशील बना हुआ है, ऐसे में आयोग की यह कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर बड़ा संदेश मानी जा रही है।