अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
धार, 07 मार्च। मध्य प्रदेश के धार जिले के सिरसोदिया गांव में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में धामनोद थाना प्रभारी सहित एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं, जबकि तहसीलदार की सरकारी गाड़ी के कांच भी तोड़ दिए गए।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए सिरसोदिया गांव पहुंचा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पथराव में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे और एक महिला पुलिसकर्मी को चोट आई। घायल थाना प्रभारी को टोल एंबुलेंस के माध्यम से धामनोद भेजा गया, जबकि महिला कांस्टेबल का इलाज धामनोद अस्पताल में जारी है।
पथराव के दौरान तहसीलदार की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया और उसके कांच फोड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
X