लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज राजधानी और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई जगहों पर गर्म हवाएं चलने और हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोपहर के समय धूप बेहद तेज रहने की संभावना है और रात में भी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी।
डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। लगातार पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने को कहा गया है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी लू का असर बना हुआ है। वहीं पूर्वोत्तर भारत और कुछ पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।