लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
देशभर में शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सशक्त आधारभूत इकाई हैं, जो ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि स्थानीय स्वशासन, जनभागीदारी, पारदर्शिता, डिजिटल सशक्तिकरण, महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में पंचायतों का बड़ा योगदान है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस हर वर्ष 24 अप्रैल को 73वें संविधान संशोधन अधिनियम के लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत करना और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना है।